गुरुवार, 22 दिसंबर 2011

महाभारत युद्ध का वर्णन ( वेपीडिया.काम )

                                                         ॐ श्री महा गणेशाय  नमः

युद्ध की तैयारियाँ पूर्ण करने के बाद कौरव और पाण्डव दोनों दल कुरुक्षेत्र पहँचे। पाण्डवों ने कुरुक्षेत्र के पश्चिमी क्षेत्र में सरस्वती नदी के दक्षिणी तट पर बसे समन्तपंचक तीर्थ से बहुत दूर हिरण्यवती नदी(सरस्वती की ही एक सहायक धारा) के तट के पास अपना पड़ाव डाला और कौरवो ने कुरुक्षेत्र के पूर्वी भाग मे वहाँ से कुछ योजन की दूरी पर एक समतल मैदान मे अपना पड़ाव डाला। दोनों पक्षों ने वहाँ चिकने और समतल प्रदेशों मे जहाँ घास और ईंधन की अधिकता थी, अपनी सेना का पड़ाव डाला। युधिष्ठिर ने देवमंदिरों, तीर्थों और महर्षियों के आश्रमों से बहुत दूर हिरण्यवती नदी के तट के समीप हजारों सैन्य शिविर लगवाये। वहाँ प्रत्येक शिविर में प्रचुर मात्रा में खाद्य सामग्री, अस्त्र-शस्त्र, यन्त्र और कई वैद्य और शिल्पी वेतन देकर रखे गये। दुर्योधन ने भी इसी तरह हजारों पड़ाव डाले [३१] वहाँ केवल दोनों सेनाओ के बीच में युद्ध के लिये  ५ योजन ( 1 योजन = 8 किमी की परिधी , विष्णु पुराण के अनुसार 4 कोस या कोश = 1 योजन = 13 km से 16 km ) = 40 किमी का घेरा छोड़ दिया गया था। [३२] फिर अगले दिन प्रातः दोनों पक्षो की सेनाएँ एक दूसरे के आमने-सामने आकर खड़ी हो गयीं।

युद्ध के नियम बनाये जाना

पाण्डवों ने अपनी सेना का पड़ाव समन्त्र पंचक तीर्थ पास डाला और कौरवों ने उत्तम और समतल स्थान देखकर अपना पड़ाव डाला। उस संग्राम में हाथी, घोड़े और रथों की कोई गणना नहीं थी। पितामह भीष्म की सलाह पर दोनों दलों ने एकत्र होकर युद्ध के कुछ नियम बनाये। उनके बनाये हुए नियम निम्नलिखित हैं-
संख्या     नियम
१     प्रतिदिन युद्ध सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक ही रहेगा
२     युद्ध समाप्ति के पश्‍चात् छल कपट छोड़कर सभी लोग प्रेम का व्यवहार करेंगे
३     रथी रथी से, हाथी वाला हाथी वाले से और पैदल पैदल से ही युद्ध करेगा
४     एक वीर के साथ एक ही वीर युद्ध करेगा
५     भय से भागते हुए या शरण में आये हुए लोगों पर अस्त्र-शस्त्र का प्रहार नहीं किया जायेगा
६     जो वीर निहत्था हो जायेगा उस पर कोई अस्त्र नहीं उठाया जायेगा
७     युद्ध में सेवक का काम करने वालों पर कोई अस्त्र नहीं उठायेगा

इस प्रकार युद्ध संबंधी नियम बना कर दोनों दल युद्ध के लिये प्रस्तुत हुए। पाण्डवों के पास सात अक्षौहिणी सेना थी और कौरवों के साथ ग्यारह अक्षौहिणी सेना थी। दोनों पक्ष की सेनाएँ पूर्व तथा पश्‍चिम की ओर मुख करके खड़ी हो गयीं। कौरवों की तरफ से भीष्म और पाण्डवों की तरफ से अर्जुन सेना का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। कुरुक्षेत्र के केवल  ५ योजन ( 1 योजन = 8 किमी की परिधी , विष्णु पुराण के अनुसार 4 कोस या कोश = 1 योजन = 13 km से 16 km ) = 40 किमी के क्षेत्र के घेरे मे दोनों पक्ष की सेनाएँ खड़ी थीं। [३३] युद्ध से पूर्व अर्जुन श्रीकृष्ण से अपने रथ दोनों सेनाओं के मध्य में ले जाने को कहते हैं जिससे वह यह देख ले कि युद्ध में उसे किन किन योद्धाओं का सामना करना है। जब अर्जुन युद्ध क्षेत्र में अपने गुरु द्रोण, पितामह भीष्म एवं अन्य संबंधियों को देखता है तो वह बहुत शोकग्रस्त एवं उदास हो जाता है। वह श्रीकृष्ण से कहता है कि जिनके लिये हम ये सारे राजभोग प्राप्त करना चाहते हैं, वे तो यहाँ इस युद्ध क्षेत्र में उसी राजभोग की प्राप्ति के लिये हमारे विपक्ष मे खड़े हैं इन्हें मारकर हम राज प्राप्त करके भी क्या करेगें। अतएव मैं युद्ध नहीं करूँगा, ऐसा कहकर अर्जुन अपने धनुष रखकर रथ के पिछले भाग में बैठ जाता है तब श्रीकृष्ण योग में स्थित होकर उसे गीता का ज्ञान देते हैं और कहते हैं कि संसार में जो आया है उसको एक ना एक दिन जाना ही पड़ेगा। यह शरीर और संसार दोनों नश्वर हैं परन्तु इस शरीर के अन्दर रहने वाला आत्मा शरीर के मरने पर भी नहीं मरता। जिस तरह मनुष्य पुराने वस्त्र त्याग कर नये वस्त्र पहनता है उसी प्रकार आत्मा भी पुराना शरीर त्याग कर नया शरीर धारण करती है इसको तुम ऐसे समझो कि यह सब प्रकृति तुम से करवा रहीं है तुम केवल निमित्त मात्र हो। श्रीकृष्ण अर्जुन को ज्ञान योग,भक्ति योग और कर्म योग तीनों की शिक्षा देते हैं जिसे सुनकर अर्जुन युद्ध के लिये तैयार हो जाता है।

6. 1. युद्ध का विवरण एवं घटनाक्रम

                                                                         पहला दिन

पहले दिन की समाप्ति पर पाण्डव पक्ष को भारी हानि उठानी पड़ी, विराट नरेश के पुत्र उत्तर और श्वेत क्रमशः शल्य और भीष्म के द्वारा मारे गये। भीष्म द्वारा उनके कई सैनिकों का वध कर दिया गया। यह दिन कौरवों के उत्साह को बढ़ाने वाला था। इस दिन पाण्डव किसी भी मुख्य कौरव वीर को नहीं मार पाये। [३४]
विराट पुत्र उत्तर और श्वेत

मजबूत पक्ष  - कौरव

                                                                      दूसरा दिन
इस दिन पाण्डव पक्ष की अधिक क्षति नहीं हुई, द्रोणाचार्य ने धृष्टद्युम्न को कई बार हराया और उसके कई धनुष काट दिये, भीष्म द्वारा अर्जुन और श्रीकृष्ण को कई बार घायल किया गया, यह दिन कौरवों के लिये भारी पड़ा, इस दिन भीम का कलिंगों और निषादों से युद्ध हुआ तथा भीम द्वारा सहस्रों कलिंग और निषाद मार गिराये गए, अर्जुन ने भी भीष्म को भीषण संहार मचाने से रोके रखा। [३४]

कौरव पक्ष की क्षति  - कलिंगराज भानुमान्,केतुमान,अन्य कलिंग वीर

मजबूत पक्ष  - पाण्डव

                                                                        तीसरा दिन
इस दिन भीम ने घटोत्कच के साथ मिलकर दुर्योधन की सेना को युद्ध से भगा दिया, भीष्म दुर्योधन को आश्वासन देकर भीषण संहार मचा देते हैं, श्रीकृष्ण अर्जुन को भीष्म वध करने को कहते है परन्तु अर्जुन उत्साह से युद्ध नहीं कर पाता जिससे श्रीकृष्ण स्वयं भीष्म को मारने के लिए उद्यत हो जाते है परन्तु अर्जुन उन्हे प्रतिज्ञा रूपी आश्वासन देकर कौरव सेना का भीषण संहार करते है, वह एक दिन में ही समस्त प्राच्य, सौवीर, क्षुद्रक और मालव क्षत्रियगणों को मार गिराते हैं। [३४]

कौरव पक्ष की क्षति - प्राच्य,सौवीर,क्षुद्रक और मालव वीर

मजबूत पक्ष  - दोनों

                                                                            चौथा दिन
इस दिन कौरवों ने अर्जुन को अपने बाणों से ढक दिया, परन्तु अर्जुन ने सभी को मार भगाया। भीम ने तो इस दिन कौरव सेना में हाहाकार मचा दी, दुर्योधन ने अपनी गजसेना भीम को मारने के लिये भेजी परन्तु घटोत्कच की सहायता से भीम ने उन सबका नाश कर दिया और १४ कौरवों को भी मार गिराया, परन्तु राजा भगदत्त द्वारा जल्द ही भीम पर नियंत्रण पा लिया गया। बाद में भीष्म को भी अर्जुन और भीम ने भयंकर युद्ध कर कड़ी चुनौती दी। [३४]

कौरव पक्ष की क्षति - धृतराष्ट्र के १४ पुत्र

मजबूत पक्ष  - पाण्डव

                                                                          पाँचवाँ दिन
इस दिन भीष्म ने पाण्डव सेना को अपने बाणों से ढक दिया, उन पर रोक लगाने के लिये क्रमशः अर्जुन और भीम ने उनसे भयंकर युद्ध किया। सात्यकि ने द्रोणाचार्य को भीषण संहार करने से रोके रखा। भीष्म द्वारा सात्यकि को युद्ध क्षेत्र से भगा दिया गया। [३४]

पाण्डव पक्ष की क्षति - सात्यकि के दस पुत्र

मजबूत पक्ष  - दोनों

                                                                           छठा दिन
इस दिन भी दोनो पक्षों में भयंकर युद्ध चला, युद्ध में बार बार अपनी हार से दुर्योधन क्रोधित होता रहा परन्तु भीष्म उसे आश्वासन देते रहे। अंत में भीष्म द्वारा पांचाल सेना का भयंकर संहार किया गया। [३४]


मजबूत पक्ष  - दोनों


                                                                           सातवाँ दिन
इस दिन अर्जुन कौरव सेना में भगदड़ मचा देता है, धृष्टद्युम्न दुर्योधन को युद्ध में हरा देता है, अर्जुन पुत्र इरावान विन्द और अनुविन्द को हरा देते है, भगदत्त घटोत्कच को और नकुल सहदेव शल्य को युद्ध क्षेत्र से भगा देते हैं, भीष्म पाण्डव सेना का भयंकर संहार करते हैं। [३४]

कौरव पक्ष की क्षति - विराट पुत्र शंख

मजबूत पक्ष  - दोनों

                                                                              आठवाँ दिन
इस दिन भी भीष्म पाण्डव सेना का भयंकर संहार करते है, भीमसेन धृतराष्ट्र के आठ पुत्रों का वध कर देता है, राक्षस अम्बलुष अर्जुन पुत्र इरावान का वध कर देता है। एक बार पुनः घटोत्कच दुर्योधन को युद्ध में अपनी माया द्वारा प्रताड़ित कर युद्ध से उसकी सेना को भगा देता है, तब भीष्म की आज्ञा से भगदत्त घटोत्कच को हरा कर भीम, युधिष्ठिर व अन्य पाण्डव सैनिकों को पीछे ढकेल देता है। दिन के अंत तक भीमसेन धृतराष्ट्र के नौ और पुत्रो का वध कर देता है। [३४]

पाण्डव पक्ष की क्षति - अर्जुन पुत्र इरावान

कौरव पक्ष की क्षति - धृतराष्ट्र के १७ पुत्र

मजबूत पक्ष  -  कौरव


                                                                       नौवाँ दिन
इस दिन दुर्योधन भीष्म को या तो कर्ण को युद्ध करने की आज्ञा देने को कहता है या फिर पाण्डवों का वध करने को, तो भीष्म उसे आश्वासन देते हैं कि कल या तो कृष्ण अपनी युद्ध मे शस्त्र न उठाने की प्रतिज्ञा तोड़गे वरना वो किसी एक पाण्डव का वध अवश्य कर देंगे। युद्ध में आखिरकार भीष्म के भीषण संहार को रोकने के लिये कृष्ण को अपनी प्रतिज्ञा तोड़नी पड़ती है परन्तु इस दिन भीष्म पाण्डवों की सेना का अधिकांश भाग समाप्त कर देते हैं। [३४]

 मजबूत पक्ष  -   कौरव


                                                                           दसवाँ दिन
इस दिन पाण्डव श्रीकृष्ण के कहने पर भीष्म से उनकी मुत्यु का उपाय पुछकर अर्जुन शिखण्डी को आगे कर भीष्म के शरीर को बाणों से ढक देते हैं, भीष्म पांचाल तथा मत्स्य सेना का भयंकर संहार कर देते है और अंत में अर्जुन के बाणों से विदीर्ण हो बाणों की उस शय्या पर लेट जाते हैं। [३४]

पाण्डव पक्ष की क्षति - शतानीक

कौरव पक्ष की क्षति - भीष्म

मजबूत पक्ष  - पाण्डव


                                                                        ग्यारहवाँ दिन
कर्ण के कहने पर द्रोण सेनापति बनाये जाते हैं, कर्ण भी युद्ध में आ जाता है जिससे कौरवों का उत्साह कई गुणा बढ़ जाता है, दुर्योधन और शकुनि द्रोण से कहते है कि वे युधिष्ठिर को बन्दी बना लें तो युद्ध अपनेआप खत्म हो जायेगा, तो जब दिन के अंत में द्रोण युधिष्ठिर को युद्ध में हरा कर उसे बन्दी बनाने के लिये आगे बढ़ते ही हैं कि अर्जुन आकर अपने बाणों की वर्षा से उन्हे रोक देता है, कर्ण भी इस दिन पाण्डव सेना का भारी संहार करता है। [३५]

पाण्डव पक्ष की क्षति - विराट

मजबूत पक्ष  - कौरव


                                                                          बारहवाँ दिन
पिछले दिन अर्जुन के कारण युधिष्ठिर को बन्दी न बना पाने के कारण शकुनि व दुर्योधन अर्जुन को युधिष्ठिर से काफी दूर भेजने के लिए त्रिग‍र्त देश के राजा को उससे युद्ध कर उसे वहीं युद्ध में व्यस्त बनाये रखने को कहते है, वे ऐसा करते भी है परन्तु एक बार फिर अर्जुन समय पर पहुँच जाता है और द्रोण असफल हो जाते हैं। [३५]

पाण्डव पक्ष की क्षति -  द्रुपद

कौरव पक्ष की क्षति - त्रिगर्त नरेश

मजबूत पक्ष  - दोनों

                                                                        तेरहवाँ दिन
इस दिन दुर्योधन राजा भगदत्त को अर्जुन को व्यस्त बनाये रखने को कहते है क्योंकि केवल वही अर्जुन की श्रेणी के योद्धा थे, भगदत्त युद्ध में एक बार फिर से पाण्डव वीरों को भगा कर भीम को एक बार फिर हरा देते है फिर अर्जुन के साथ भयंकर युद्ध करते है, श्रीकृष्ण भगदत्त के वैष्णवास्त्र को अपने ऊपर ले उससे अर्जुन की रक्षा करते है। अन्ततः अर्जुन भगदत्त की आँखो की पट्टी को तोड़ देता है जिससे उसे दिखना बन्द हो जाता है और अर्जुन इस अवस्था में ही छ्ल से उनका वध कर देता है। इसी दिन द्रोण युधिष्ठिर के लिये चक्र व्यूह रचते हैं जिसे केवल अभिमन्यु तोड़ना जानता था परन्तु निकलना नहीं जानता था। अतः युधिष्ठिर भीम आदि को उसके साथ भेजता है परन्तु चक्र व्यूह के द्वार पर वे सब के सब जयद्रथ द्वारा शिव के वरदान के कारण रोक दिये जाते हैं और केवल अभिमन्यु ही प्रवेश कर पाता है। वह छल से अकेला ही सभी कौरव महारथियों द्वारा मार दिया जाता है, अपने पुत्र अभिमन्यु का अन्याय पूर्ण तरीके से वध हुआ देख अर्जुन अगले दिन जयद्रथ वध करने की प्रतिज्ञा लेता है और ऐसा न कर पाने पर अग्नि समाधि लेने को कहता है। [३५]

पाण्डव पक्ष की क्षति - अभिमन्यु

मजबूत पक्ष  -  पाण्डव


                                                               चौदहवाँ दिन
अर्जुन की अग्नि समाधि वाली बात सुनकर कौरव उत्साहित हो जाते हैं और यह योजना बनाते है कि आज युद्ध में जयद्रथ को बचाने के लिये सब कौरव योद्धा अपने जान की बाजी लगा देंगे, द्रोण जयद्रथ को बचाने का पूर्ण आश्वासन देते हैं और उसे सेना के पिछले भाग मे छिपा देते है, परन्तु अर्जुन सब को रौंदते हुए कृष्ण द्वारा किये गये सूर्यास्त के कारण बाहर आये जयद्रथ को मारकर उसका मस्तक उसके पिता के गोद मे गिरा देते हैं। इस दिन द्रोण द्रुपद और विराट को मार देते हैं। [३५]

पाण्डव पक्ष की क्षति - द्रुपद,विराट

कौरव पक्ष की क्षति - जयद्रथ,भगदत्त


मजबूत पक्ष  -  पाण्डव



                                                                           पन्द्रहवाँ दिन
इस दिन पाण्डव छल से द्रोणाचार्य को अश्वत्थामा की मृत्यु का विश्वास दिला देते हैं जिससे निराश हो द्रोण समाधि ले लेते हैं उनकी इस दशा मे धृष्टद्युम्न उनका सिर काटकर वध कर देता है। [३५]

कौरव पक्ष की क्षति -  द्रोण


मजबूत पक्ष  -  पाण्डव


                                                                   सोलहवाँ दिन
इस दिन कर्ण कौरव सेना का मुख्य सेनापति बनाया जाता है वह इस दिन पाण्डव सेना का भयंकर संहार करता है, इस दिन वह नकुल सहदेव को युद्ध मे हरा देता है परन्तु कुंती को दिये वचन को स्मरण कर उनके प्राण नहीं लेता। फिर अर्जुन के साथ भी भयंकर संग्राम करता है, भीम दुःशासन का वध कर उसकी छाती का रक्त पीता है और अंत मे सूर्यास्त हो जाता है। [३६]

कौरव पक्ष की क्षति - दुःशासन

मजबूत पक्ष  - दोनों


                                                                     सत्रहवाँ दिन
इस दिन कर्ण भीम और युधिष्ठिर को हरा कर कुंती को दिये वचन को स्मरणकर उनके प्राण नहीं लेता। अन्ततः अर्जुन कर्ण के रथ के पहिये के भूमि में धँस जाने पर श्रीकृष्ण के कहने पर रथ के पहिये को निकाल रहे कर्ण का उसी अवस्था में वध कर देता है, इसके बाद कौरव अपना उत्साह हार बैठते है। फिर शल्य प्रधान सेनापति बनाये गये परन्तु उनको भी युधिष्ठिर दिन के अंत में मार देते हैं। [३७]

कौरव पक्ष की क्षति -  कर्ण,शल्य,दुर्योधन के २२ भाई

मजबूत पक्ष  - पाण्डव



                                                                     अठारहवाँ दिन
इस दिन भीम दुर्योधन के बचे हुए भाइयों को मार देता है सहदेव शकुनि को मार देता है और अपनी पराजय हुई जान दुर्योधन एक तालाब मे छिप जाता है परन्तु पाण्डवों द्वारा ललकारे जाने पर वह भीम से गदा युद्ध करता है और छल से जंघा पर प्रहार किये जाने से उसकी मृत्यु हो जाती है इस तरह पाण्डव विजयी होते हैं। [३८]
द्रोपदी के पाँच पुत्र,धृष्टद्युम्न,शिखण्डी


कौरव पक्ष की क्षति  -  दुर्योधन



मजबूत पक्ष  - पाण्डव

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें